झांसी। गरीब रथ ट्रेनों में यात्रियों को आने वाले समय में सिर्फ कंफर्म सीट ही मिलेगी। इनमें आरएसी का विकल्प खत्म किया जा रहा है। इससे आरएसी टिकट पर यात्रा करने को मजबूर होने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया। रेल अफसरों का कहना है कि जल्द ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) एक तरह का टिकट होता है लेकिन, इसमें सीट कंफर्म होने की गारंटी नहीं होती। गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन से आरएसी सीट वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। इस ट्रेन में जिन यात्रियों को इस श्रेणी मेें सीट मिलती है उनको अपनी सीट अन्य यात्री से साझा करनी होती है। गरीब रथ एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आरएसी कोटे की 9 बर्थ होती है जबकि अन्य गाड़ियों में 8 बर्थ होती है। ऐसे में एक सीट पर दो यात्रियों को सफर करना होता है। सबसे अधिक परेशानी रात के समय होती है। अगर कोई महिला यात्री होती है तब यह परेशानी बढ़ जाती है। इसको लेकर काफी समय से रेल यात्री शिकायत कर रहे थे। रेल यात्रियों की शिकायतों को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने आरएसी विकल्प को खत्म करने का फैसला किया है। जल्द ही यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने से गरीब रथ में यात्रियों को सिर्फ कंफर्म सीट मिलेगी। उनको आरएसी का विकल्प नहीं मिलेगा। पूरी तरह वातानुकूलित यह ट्रेन कम किराया होने के चलते यात्रियों को पसंद आती है।