अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोक निर्माण विभाग 39 करोड़ खर्च करके सड़कों का चौड़ीकरण कराएगा। यह सड़क न्यूनतम सात मीटर तक चौड़ी हो जाएगी। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक अगले साल जून तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। कुछ सड़कों का नवीनीकरण भी कराया जा रहा है।
बरुआसागर-टहरौली-भसनेह-गरौठा मार्ग का चौड़ीकरण काफी समय से प्रस्तावित था। इसका बजट भी शासन ने मंजूर कर दिया लेकिन, आचार संहिता समेत कई अन्य अड़चनों के चलते काम नहीं हो पा रहा था। अभियंताओं के मुताबिक अब इसके लिए सभी अड़चनें दूर हो गईं। काम आरंभ कराया गया है।
वहीं, पूंछ-गुरसराय-टीकमगढ़ मार्ग (2.15 करोड़), मऊ-गरौठा मार्ग (2.15 करोड़), गरौठा-मोतीकटरा (45.15 लाख), पड़रा कटेरा मार्ग (71.31 लाख), कटेरा-बंगरा-उल्दन मार्ग (2.13 करोड़) का नवीनीकरण कराया जा रहा है। प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता दीपांकर चौधरी ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण अगले साल जून तक पूरा हो जाएगा, जबकि नवीनीकरण में काफी हद तक काम पूरा होने के करीब है।