संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। हर घर में अरहर की दाल खाने का स्वाद बढ़ाती है पर दाल की कीमत के कारण यह थालियों से कम होती जा रही थी पर अब आसमान छूती दाल की कीमतों में गिरावट आई है। इसके अलावा चना, उड़द की दाल के भी दाम गिरे हैं। दूसरी ओर बाजार में नया गेहूं की आवक आने से आटे के दाम में भी गिरावट दर्ज हुई है। इससे घर की गृहणियों को भी राहत मिली है।छह साल पहले अरहर की दाल के दाम 180 रुपये से 200 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेची जा रही थी, लेकिन अब अरहर की दाल की कीमत थोक बाजार में जहां 116 रुपये है, वहीं फुटकर भाव 125 रुपये है। यानी पिछले छह साल के मुकाबले अरहर की दाल में 55 से 75 रुपये तक की गिरावट आई है। अन्य दालाें के भाव में नरमी आई है। वहीं, आटा की बात करें तो नया गेहूं बाजार में आने से पहले आटा 40 रुपये प्रतिकिलो और उससे अधिक बिक रहा था पर नया गेहूं बाजार में आने के बाद अब आटा के दाम भी गिरे हैं। अब बाजार में गेहूं का आटा 33 से 35 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। मील का आटा 30 से 33 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। इस संबंध में व्यापारियों का कहना है कि नई फसल बाजार में आने के बाद से खाद्य सामग्री के भाव गिरे हैं।