झांसी। नगर निगम कैंपस में रहने वाले 70 परिवार पिछले बीस दिनों से पानी को तरस रहे हैं। घरों के नलों में पानी आना बंद हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यालय में लगे नल से बूंद-बूंद पानी निकल रहा है। यहां पानी भरने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी रहती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जल संस्थान के अधिकारियों से लगातार शिकायत कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। बताया गया कि नगर निगम कैंपस में पानी की पाइप लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। सन् 1987 में यहां पाइप लाइन डाली गई थी। कहीं पर लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण पिछले 20 दिनों से लोगों के घरों में पानी आना बंद हो गया है। गर्मी में पानी की किल्लत से लोग बहुत परेशान हैं। क्षेत्रवासियों के मुताबिक एबीवीपी कार्यालय में एक नल लगा हुआ है, उससे भी बूंद-बूंद पानी निकल रहा है। एक बाल्टी भरने में एक घंटा लग जाता है। जल संस्थान के अधिकारियों से लगातार फोन करके शिकायत दर्ज करा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष है। लोगों ने बताया दर्द ...................... एबीवीपी कार्यालय में भी पानी नहीं आ रहा है। कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को फोन करके सूचना दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। - सौरभ रावत, एबीवीपी कार्यकर्ता। पशुचिकित्सालय के बगल वाली गली व पास के क्षेत्रों में सरकारी नलों से 20 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। अधिकारियों को क्षेत्रवासियों के दर्द से कोई मतलब नहीं है। - वेद श्रीवास्तव, प्रदेश सह मंत्री, एबीवीपी। पानी की लाइन पहले ठीक थी लेकिन जब से घरों में कनेक्शन हुआ तो पानी कम आने लगा। मौजूदा समय में पिछले एक महीने से पानी की समस्या विकराल हो चुकी है। - विक्रम सिंह चौहान, क्षेत्रवासी। बिला पूरा देते हैं फिर पानी क्यों नहीं मिल रहा? वृद्धावस्था में पानी भरकर लाना संभव नहीं है। अधिकारी सुनते नहीं हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई हो और समस्या जल्द दूर की जाए। - ढूमा बाई, क्षेत्रवासी। नगर निगम कैंपस की पाइप लाइन में कुछ समस्या आ गई है। इसे जल्द ही ठीक करवा लिया जाएगा। - कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान।