अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। विद्यालय में हुए विवाद के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया, जबकि छह शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी गई है।
गुरसराय विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सोनकपुरा में 20 जुलाई को बाहरी लोगों ने घुसकर कुछ बच्चों के साथ मारपीट कर दी थी। अगले दिन ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया था। उनका आरोप था कि स्कूल में घुसकर बाहरी लोग मारपीट करते रहे, बावजूद विद्यालय स्टाफ ने कुछ नहीं किया। पुलिस बुलानी पड़ गई थी। बीएसए ने इस मामले की जांच के आदेश दिए थे। बीईओ द्वारा दी गई आख्या के आधार बीएसए विपुल शिवसागर ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। जबकि, विद्यालय में कार्यरत छह शिक्षकों की वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी गई है।