वाद-विवाद प्रतियोगिता में खूब बरसे छात्र, बुंदेली से लेकर खड़ी भाषा में हुआ काव्य पाठ
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण के अंतर्गत हुनरबाज क्लब द्वारा गांधी सभागार में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर वाद-विवाद प्रतियोगिता व स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. सीबी सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं को इस तरह की गतिविधियों में अत्यधिक प्रतिभाग करना चाहिए जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। वर्तमान युग कौशल, कला और हुनर का है। हुनरबाज का उद्देश्य छात्रों में निहित विभिन्न प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। यह कार्यक्रम छात्रों द्वारा छात्रों के लिए है। कौशल आधारित इस व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम से निश्चित छात्र लाभान्वित होंगे। वाद विवाद की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में उमेश शुक्ला, डॉ सत्य कुमार चौधरी व काव्य पाठ के निर्णायक डॉ राघवेंद्र दीक्षित उपस्थित रहे।
वाद विवाद प्रतियोगिता में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विषय के पक्ष और विपक्ष पर छात्रों ने अपने विचार रखे। पक्ष में बोलने वाले छात्रों ने कहा कि भारत में पुरानी शिक्षा नीति से पढ़े लिखे बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही थी। युग परिवर्तन के समय आज जिस प्रकार के कौशल की आवश्यकता है, उस प्रकार की शिक्षा छात्रों को नहीं मिल पा रही थी। शिक्षा एवं समाज में उसकी उपयोगिता में काफी अंतर आ गया है। काव्य पाठ में रानी लक्ष्मी बाई, महापुरुषों व भगवान राम एवं मां की ममता जैसे विषयों से सभागार गूंज उठा।
इस दौरान डॉ. शंभू नाथ सिंह, डॉ. कौशल त्रिपाठी, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. अभिषेक कुमार, आदर्श सेठ, जया व्यास, खुशबू मिश्रा, सार्थक सोनकिया, अभिषेक यादव, रितिक गुप्ता, पायल जैन आदि उपस्थित रहे।