- खजुराहो वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। 15 मार्च को चली खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन गतिमान एक्सप्रेस में होली पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। स्थिति यह है कि इन प्रीमियम ट्रेनों में जहां चार्ट बनने के बाद भी सीट खाली मिल जाती थीं, उनमें वेटिंग लिस्ट दिख रही है।
देश की पहली सेमी हाइस्पीड ट्रेन हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस और हजरत निजामुद्दीन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी गतिमान एक्सप्रेस में दो दिन पहले तक सीटों की कोई कमी दिखाई नहीं दे रही थी। इसी स्थिति को देखते हुए यह भी कहा जाने लगा था कि यह ट्रेन यात्रियों को तरस गई है। लेकिन, जैसे ही होली स्पेशल एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में सीटें फुल हुईं तो यात्रियों ने प्रीमियम ट्रेनों में सीट बुक करानी शुरू कर दी हैं। रविवार को जब वंदे भारत एक्सप्रेस 2.20 बजे खजुराहो से दिल्ली के लिए चली तो उसकी एसी चेयरकार में 8 वेटिंग आ रही थी, एग्जीक्यूटिव क्लास में 6 वेटिंग तो वहीं, गतिमान एक्सप्रेस की चेयरकार में 21 वेटिंग थी तो एग्जीक्यूटिव क्लास में 9 वेटिंग तक रही।
आज नहीं चलेगी खजुराहो वंदे भारत
आज यानी सोमवार को यदि आप खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस से दिल्ली जाने का प्लान बना रहे हैं तो बता दें कि आज इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा।
खजुराहो-निजामु्द्दीन वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या अधिक रही है। सोमवार को वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन नहीं होगा। यात्री होली स्पेशल या दूसरी ट्रेनों से यात्रा का विकल्प चुन सकते हैं।
मनोज कुमार सिंह, मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी, झांसी।