हादसा तब हुआ जब महिला हीटर पर खाना बना रही थी। जैसै बर्तन हीटर के स्प्रिंग में चिपक गया था। उसने जैसे ही बर्तन उठाने का प्रयास किया तो वह करंट की चपेट में आ गई। वहीं, बच्ची ने महिला को उठाने का प्रयास किया, जिससे उसकी भी करंट लगने से मौत हो गई।
दतिया के थाना क्षेत्र के थरेट में सोमवार को एक गर्भवती महिला और बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। चार साल की बच्ची को अपने साथ बैठाकर गर्भवती महिला घर में हीटर पर खाना बना रही थी, तभी दोनों करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने आनन फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं घटना के बाद कोहराम मचा रहा।
विज्ञापन
कस्बा थरेट निवासी कृष्णा प्रजापति गांव में ही एक खाद गोदाम पर काम करते हैं। सोमवार की सुबह वह काम पर चले गए। इस दौरान उनकी गर्भवती पत्नी सरोज (25) और बच्ची गुनगुन (4) घर में अकेली थी। सरोज बच्ची को पास में बैठाकर हीटर पर खाना बना रही थी। बर्तन हीटर के स्प्रिंग में चिपक गया। सरोज ने जैसे ही बर्तन उठाने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान बच्ची ने मां को पकड़कर उठाने का प्रयास किया, जिससे उसकी भी करंट लगने से मौत हो गई। दोपहर बाद जब महिला का पति कृष्णा घर खाना खाने आया तो उसे घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।