मऊरानीपुर। प्रसिद्ध मेला जलविहार महोत्सव के आगाज के साथ ही मऊरानीपुर में बिजली कटौती की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। रात लगभग 11 बजते ही नगर की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी जाती है। मेला अवधि के दौरान देर रात तक गुल रहने वाली बिजली के कारण नई बस्ती, बस स्टैंड तथा रेलवे स्टेशन मार्ग पूरी तरह अंधेरे में डूब गए। विद्युत आपूर्ति ठप होने से सबसे बड़ी और गंभीर समस्या 23 सितंबर की रात को देखने को मिली। इस दौरान नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान के विमान बिहार के लिए निकले थे। भगवान के विमानों के दर्शन और जलविहार महोत्सव का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़े हुए थे, लेकिन भीषण अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं को भारी असुविधा और भय के माहौल का सामना करना पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर अप्रिय घटना या आपराधिक वारदात होने के डर से श्रद्धालु तथा स्थानीय नागरिक पूरी रात आशंकित रहे। मामले की गंभीरता और नागरिकों की परेशानी की जानकारी जैसे ही उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती को लगी, उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को तुरंत आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए। सख्त आदेश के बाद हरकत में आए विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने आनन-फानन में बंद पड़ी बिजली आपूर्ति को बहाल कराया, तब जाकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। नगरवासियों ने मेला अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि आगे धार्मिक कार्यक्रमों में कोई बाधा न आए।