महानगर में बिजली कटौती ने लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है। रविवार को महानगर के तमाम इलाकों में बिजली आपूति बाधित रही। इसे लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महानगर के मुन्नालाल पावर हाउस स्टेशन से रविवार को दोपहर में करीब डेढ़ घंटी बिजली कटौती रही। इस दौरान मिशन कंपाउंड, आतिया तालाब, सूद कालोनी, माहौर कालोनी, नई बस्ती, आशिक चौराहा, खंडेराव गेट, बीकेडी समेत तमाम इलाकों में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। गर्मी के साथ बिजली कटौती होने से लोग अकुलाते नजर आए। विभाग का कहना है कि मेंटीनेंस कार्य के चलते बिजली कटौती की गई थी। लोगों ने बिजली कटौती को लेकर आक्रोश भी जताया। प्रेमनगर सब स्टेशन पर सोमवार को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली कटौती रहेगी। अवर अभियंता बलराम ने बताया कि ट्रांसफार्मरों का मेंटीनेंस कार्य होने के चलते प्रेमनगर, खातीबाबा, ईसाईटोला, खेरा गांव, महावीरन क्षेत्र में बिजली कटौती होगी।