दुष्कर्म कांड के सभी अभियुक्त पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहता था। चूंकि, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने अच्छे अंकों से हासिल की थीं, ऐसे में परिजनों को भी पूरा भरोसा था कि एक दिन उनके बच्चे कामयाब हो जाएंगे। यही वजह रहा है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहकर पढ़ाई में होने वाला खर्च भी उठाया। इसके लिए उन्होंने अपना पेट काटा, परंतु बच्चों को कोई कमी नहीं होने दी। लेकिन, वक्त ने उनका साथ नहीं दिया। उनके बच्चों की एक गलती ने उनका जीवन तो बर्बाद कर ही दिया, साथ ही परिजनों के सपनों पर भी पानी फेर दिया।
कफन बांध कर लड़ी न्याय की लड़ाई: पीडिता का पिता
सामूहिक दुष्कर्म कांड की पीड़िता के पिता ने कहा कि उन्होंने कफन बांधकर न्याय की लड़ाई लड़ी, जिसमें जीत भी हासिल हुई। लेकिन, खतरा अब भी बरकरार है। हालांकि, न्यायालय द्वारा अभियुक्तों को दोष सिद्ध करार दिए जाने के बाद से पुलिस ने पीड़िता के घर के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया था।
न्यायालय के फैसले पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा था। न्यायालय ने अपराधियों को उनके सही अंजाम तक पहुंचाने का काम किया। बेटी ने भी फैसले पर संतोष जताया है। पुलिस और प्रशासन ने भी पूरा सहयोग दिया। लेकिन, मुकदमे की सुनवाई के दौरान उन्हें हर समय खतरा बना रहा। विपक्षियों की ओर से समझौता करने के लिए उन्हें तमाम प्रलोभन दिए गए। इसके लिए दबाव भी बनवाया गया। जब वे नहीं माने तो धमकाया भी गया। लेकिन, वे और उनकी बेटी सच को सामने लाने और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की जिद पर अड़े हुए थे। पिता ने बताया इस सब की वजह से उनकी बेटी सहमी जरूर रहती थी, परंतु अदालत में उसने मुखर होकर उसने अपनी आपबीती बताई। मुकदमे के दौरान हर समय खतरा बना रहता था। फैसला आने के बाद भी खतरा कम नहीं हुआ है।
सामूहिक दुष्कर्म की घटना के ये हैं गुनहगार
- मयंक शिवहरे: झांसी के थाना टहरौली क्षेत्र के ग्राम खिल्लावारी बघेरा का रहना वाला है। पिता धीरज कुमार किसान हैं। दो बहनों के बीच अकेला भाई है। हाईस्कूल 80 प्रतिशत और इंटरमीडिएट की परीक्षा 84 फीसदी अंकों के साथ की थी पास।
- धर्मेंद्र सेन: झांसी के मऊरानीपुर थाने के रानीपुर कस्बे का रहना वाला है। पिता रमेश चंद्र सेन हेयर कटिंग की दुकान का संचालन करते हैं। दो भाइयों में बड़ा है। हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की थी। सभी छह विषयों में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे। इंटर में 65 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
- शैलेंद्र नाथ पांडेय: गोंडा जिले के बजीरगंज के पाठकपुरवा का रहने वाला है। पिता हरिनाथ पांडेय किसान हैं। दो भाइयों में छोटा है। हाईस्कूल की परीक्षा में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए थे, जबकि इंटरमीडिएट का रिजल्ट 86 फीसदी रहा था।
- रोहित कुमार सैनी: महोबा जिले के कुलपहाड़ के वार्ड नंबर 11 का रहने वाला है। पिता हरिकांत सैनी किसान हैं। दो भाइयों में बड़ा है। हाईस्कूल में 85 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 89 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
- भरत कुमार: जिला महोबा के थाना कबरई के छानीकला का रहना वाला है। पिता लल्ला कुशवाहा के पास एक बीघा जमीन हैं तथा वे कृषि मजदूर हैं। दो बहनें हैं और दो भाइयों में ये बड़ा है। हाईस्कूल में 75 प्रतिशत व इंटरमीडिएट में 64 फीसदी अंक हासिल किए थे।
- मोनू पारया: झांसी के थाना मऊरानीपुर के रौन्यापुर का निवासी है। पिता हरीदास पारया हथकरघा बुनकर हैं, जबकि मां रामसखी नगर पंचायत रानीपुर में पार्षद हैं। एक बहन है तथा दो भाइयों में ये छोटा है। हाईस्कूल में 77 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 75 फीसदी अंक हासिल किए थे।
- विपिन तिवारी: जनपद प्रयागराज के थाना थरवई के तवारीपुर का रहने वाला है। पिता विपिन तिवारी किसान हैं। दो भाइयों में छोटा है। हाईस्कूल द्वितीय श्रेणी और इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी के अंकों के साथ पास की थी।
- संजय कुशवाहा: जिला महोबा के थना कुलपहाड़ के मुढारी का निवासी है। पिता अरविंद कुमार कुशवाहा ऑटो ड्राइवर हैं। दो भाई हैं, जिनमें एक दिव्यांग है। हाईस्कूल प्रथम श्रेणी और इंटरमीडिएट द्वितीय श्रेणी में पास किया था।
सभी को यह सुनाई गई सजाएं
- धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत आजीवन कारावास व 25 हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 9 (छह) /10 पॉक्सो अधिनियम के तहत सात साल का सश्रम कारावास व पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 395 के तहत 10 साल का सश्रम कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 386 /34 के तहत 10 साल का सश्रम कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 354 /34 के तहत पांच साल का सश्रम कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 354 ख /34 के तहत सात सात का सश्रम कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 354 घ /34 के तहत तीन साल का सश्रम कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड।
- धारा 323 /34 के तहत एक साल का सश्रम कारावास एवं एक हजार रुपये अर्थदंड।
(सभी सजाएं एक साथ चलेंगी)