सरकार गरीबों को राशन देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अपात्र भी राशन की लाइन में लगे हुए हैं। आलम यह है कि सरकारी कर्मचारी भी अंत्योदय कार्ड बनवाकर राशन का लाभ ले रहे हैं। जिले के कटेरा क्षेत्र में सत्यापन के दौरान एक पुलिसकर्मी के अंत्योदय कार्ड बनवाकर राशन लेने का मामला सामने आया है। मामले में एसडीएम मऊरानीपुर ने सीओ कानपुर नगर को पत्र लिखकर पुलिसकर्मी से राशन कार्ड सरेंडर कराने और वेतन से राशन की रिकवरी कराने के लिए कहा है। लॉकडाउन के दौरान मऊरानीपुर में तमाम अपात्र सामने आए हैं। इसमें कई सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। पिछले दिनों नगर पालिका मऊरानीपुर द्वारा गरीबों को राशन किट का वितरण किया जाना था। इसके लिए अंत्योदय कार्ड लाभार्थियों की सूची बनाई गई। जिसमें 15 कार्डधारकों की पात्रता पर संदिग्धतता प्रतीत हुई। नगर पालिका के अध्यक्ष ने कार्डधारकों की सूची पूर्ति विभाग को भेजी। जिसमें 10 लोग अपात्र पाए गए। इसमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल था। बताया जाता है कि पुलिसकर्मी पुलिस लाइन कानपुर नगर में सिपाही के पद पर तैनात है। जबकि परिवार अंत्योदय कार्ड पर राशन का लाभ ले रहा है। मामले की जानकारी पर एसडीएम मऊरानीपुर ने सीओ पुलिस लाइन कानपुर नगर और प्रतिसार निरीक्षक को पत्र लिखकर पुलिसकर्मी का कार्ड सरेंडर कराने और सैलरी से रिकवरी कराने के लिए कहा है। इसे लेकर क्षेत्र के अपात्रों में हड़कंप मचा है।