अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुरविया मोहल्ले के लोग मंगलवार की सुबह जागे तो उन्हें दिनेश और धर्मेंद्र के घर पर सीबीआई के छापे पड़ने की जानकारी हुई। इसे लेकर उनके बीच सुगबुगाहट होने लगी। सीबीआई की नकली टीम होने की चर्चाएं भी मोहल्ले में फैल गई। सूचना पर प्रेमनगर थाने की प्रभारी निरीक्षक सरिता त्रिपाठी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने टीम के लोगों से मामले की जानकारी करने की कोशिश की, परंतु उन्होंने कुछ नहीं बताया। इस पर वे सीबीआई के दो अधिकारियों अपने साथ थाने ले आईं। यहां उनके परिचयपत्र देखे गए और उच्च स्तर पर सत्यापन किया गया। इसके बाद दोनों अधिकारियों को वापस पुरविया टोला मोहल्ले में भेज दिया गया। पुलिस की ओर सीबीआई की टीमों को महिला सिपाही भी मुहैया कराई गईं। सूचना पर मौके पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह व सीओ सिटी रामवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे।