अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार की शाम केंद्र सरकार द्वारा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू कर दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इसकी अधिसूचना जारी किए जाने के बाद महानगर की पुलिस अलर्ट नजर आई। मिश्रित आबादी के क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने भ्रमण भी किया। साथ ही सोशल मीडिया की भी निगरानी बढ़ा दी गई।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सोमवार की शाम केंद्र सरकार द्वारा सीएए लागू कर दिया गया। इसके बाद एक बड़ा तबका सीएए के पक्ष में खड़ा नजर आया, जबकि कुछ लोगों की इसे लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। इसे ध्यान में रखते हुए शाम को पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई। चौराहों पर पुलिस की टीमें देर रात तक जमा रहीं। जबकि, शहर कोतवाली और प्रेमनगर थाना इलाके के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने भ्रमण किया। साथ ही व्हाट्सएप, एक्स और इंस्टाग्राम पर सीएए को लेकर की गईं पोस्टों पर भी पुलिस की नजर रही। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सीएए को लेकर पुलिस की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया की पोस्टों पर भी नजर रखी जा रही है।
0000000
अभिसूचना तंत्र को मजबूत बनाएं: डीआईजी
सीएए लागू होने के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने रेंज के तीनों जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ गूगल मीट की, जिसमें उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दरम्यान डीआईजी ने कहा कि रेंज के अभिसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय करते हुए इसमें संख्या बल बढ़ाया जाए। इसके अलावा डीआईजी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ रखे जाने से संबंधी निर्देश जारी किए।