अमर उजाला ब्यूरो
झासी। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की अधिसूचना जारी होने के बाद मंगलवार को पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई। पुलिस ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल मार्च किया। इसके अलावा सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जाती रही। जबकि, खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय बनी हुईं हैं।
केंद्र सरकार द्वारा सोमवार की शाम सीएए की अधिसूचना जारी की थी। इसके साथ ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई थी। यह स्थिति मंगलवार को भी बनी रही। खासतौर पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस सक्रिय बनी रही। जबकि, शाम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस की अगुवाई में पुलिस की टीमों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के मिश्रित आबादी के इलाके सैंयर गेट बाहर, कसाई मंडी आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अफसरों ने लोगों से संवाद कर सुरक्षा-व्यवस्था की स्थिति का हाल जाना। पुलिस टीम के साथ दंगा नियंत्रण उपकरण भी मौजूद रहे। पैदल मार्च में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी राजेश कुमार राय आदि भी शामिल रहे। वहीं, पुलिस की सोशल मीडिया सेल व्हाट्सएप, एक्स, इंस्टाग्राम आदि सोशल प्लेटफार्मों पर की जाने वालीं पोस्टों की निगरानी करती रहीं। खुफिया शाखा भी सक्रिय रही।
0000000
फोटो- डीएम
भ्रमणशील रहे पुलिस बल: डीएम
झांसी। सीएए की अधिसूचना जारी होने और आगामी लोकसभा चुनाव व त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने पुलिस बल को भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। साथ ही डीएम ने कहा कि आम जनमानस, कारोबारियों, धर्मगुरुओं आदि से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का अहसास दिलाया जाए। भड़काऊ पोस्ट व अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। डीएम ने कहा कि लोग शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। सांप्रदायिक, भड़काऊ पोस्ट व भ्रामक खबर साझा करने से बचें। ब्यूरो