झांसी। नवाबाद पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर चोरी हुए 11 मोटर साइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने शौक को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करता था। इसके बाद उसे औने-पौने दाम में बेच देता था। इसके पहले भी वह कई बार जेल भी जा चुका। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया करगुवा से भगवंतपुरा जाने वाले कच्चे मार्ग पर आकाशवाणी टावर के पीछे खंडहरनुमा कोठरी के पास चोरी के वाहन एकत्रित होने की बात मालूम चली थी। पुलिस ने घेराबंदी करके एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरीशंकर निवासी बिरगुवां, बड़ागांव बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खंडहार के पास छिपाकर रखे सात मोटर साइकिल समेत चार स्कूटी बरामद की। बदमाश ने बताया कि गाड़ियों की बिक्री के लिए उसने बकायदा एजेंट रखे हुए थे। एजेंट के माध्यम से ही वह झांसी समेत आसपास के इलाकों में कम कीमत पर वाहन बेंच देता था। यह पैसा अपने शौक पूरे करने पर खर्च करता था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। ब्यूरो