अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अमर उजाला के रविवार के अंक में रात भर शराब की दुकानों के खुली रहने की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अमला हरकत में आ गया। रविवार रात सीओ सिटी राजेश राय की अगुवाई में पुलिस बल सड़क पर उतरा। सभी जगहों पर गश्त लगाकर रात में खुली दुकानों को बंद करा दिया। समय से बंद न होने पर उनको कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस बल ने गोविंद चौराहा, खुशी पुरा, बस स्टैंड, अशोका होटल तिराहा समेत अन्य स्थानों पर जाकर शराब की दुकानों को देखा। कुछ जगहों पर सड़क के किनारे खड़े होकर जाम छलका रहे शराबियों को भी पुलिस ने खदेड़ा। पुलिस ने सभी शराब दुकानदारों को नियत समय के भीतर ही दुकान बंद करने की ताकीद की है। समय पर बंद न होने वाली दुकानों के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान नवाबाद थाने का पुलिस बल भी मौजूद रहा।