झांसी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंचायतीराज दिवस के मौके पर जिले के प्रधानों को संबोधित करेंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी प्रधानों को निर्देश जारी कर दिए हैं। पहले यह कार्यक्रम झांसी में होना था, लेकिन लॉकडाउन के चलते कार्यक्रम को टाल दिया गया। हर साल राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले पंचायतीराज दिवस के कार्यक्रम के लिए इस बार झांसी को चुना गया था। जिले में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन प्रस्तावित था। लेकिन लॉकडाउन के चलते कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया। शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री वेबकास्ट के जरिए प्रधानों से वार्ता करेंगे। इस दौरान वे जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानों से बात करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति ग्रामीण स्तर पर लोगों को जागरूक करने का प्रधानों को जिम्मा सौंप सकते हैं। दोपहर 11 बजे से 12 बजे तक होने वाले कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार से भेजे गए लिंक को प्रधानों के साथ शेयर कर दिया गया है। इस लिंक को ओपन करते ही प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम से प्रधान जुड़ जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ई-ग्राम स्वराज एप को भी लांच करेंगे। डीपीआरओ जगदीश राम गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने और देखने के लिए प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं।