झांसी। पिछड़ा वर्ग विभाग ने छात्रवृत्ति के साढ़े आठ हजार आवेदनों में गलती पकड़ी है। किसी फार्म में विद्यार्थी का नाम आधार कार्ड से मेल नहीं खा रहा है, तो किसी में रोल नंबर और आय प्रमाण पत्र गलत लगा है। विभाग ने इन आवेदनों को संदेहास्पद की श्रेणी में डालकर कॉलेजों को वापस कर दिया है। वहीं गलती सुधारने के लिए कॉलेज और विद्यार्थियों को चार मार्च तक का समय दिया है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने जिले के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आवेदन मांगे थे। सभी विद्यार्थियों और संस्थानों से 29 फरवरी तक आवेदन करने के लिए कहा गया था। इसके बाद 145 तकनीकी और डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थियों ने आवेदन किए। जांच के दौरान 8448 आवेदन ऐसे पाए गए, जिसमें नाम, रोल नंबर, आय प्रमाणपत्र की डुप्लीकेसी जैसी गलतियां हैं। विभाग ने इन्हें संदेहास्पद मानते हुए कॉलेजों को वापस कर दिया। विभाग ने कॉलेजों को गलतियां सुधारकर आवेदन चार मार्च तक फिर से भेजने के निर्देश दिए हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि गलतियां ठीक करने के लिए कॉलेजों से कहा गया है। संवाद