- कांशीराम आवास कॉलोनी में 15 दिन से नहीं आ रहा बिजली-पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। समथर में बिजली-पानी की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को बिजली-पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी सड़क पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने लोगों को समझा-बूझाकर धरना समाप्त कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। नगर के जीआईसी रोड स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में 15 दिनों से बिजली की सप्लाई और 20 दिन से पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली और पानी उपलब्ध नहीं होने से लोग परेशान हैं। बुधवार को आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका के सामने बीच सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि 15 दिन से ट्रांसफॉर्मर खराब है। साथ ही पेयजल सप्लाई के लिए पंप की मोटर खराब होने से पिछले 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सुनवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने बुधवार सुबह लोग एकजुट होकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित नगर पालिका के सामने अग्गा बाजार मुख्य सड़क मार्ग पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम मोंठ ने थानाध्यक्ष समथर योगेंद्र सिंह एवं अधिशासी अधिकारी चौधरी को मौके पर पहुंचाकर लोगों को समझाने के निर्देश दिए। कुछ समय बाद एसडीएम मोंठ अवनीश कुमार कॉलोनी पहुंचे और लोगों से वार्ताकर समस्या का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। अधिशासी अभियंता जल संस्थान ने बताया कि तीन दिन पहले पंप की मोटर बदलवाई गई थी, जो टंकी भरते समय फिर से से खराब हो गई। दूसरी मोटर भेजी जा रही है बृहस्पतिवार को पेयजल सप्लाई सुचारू हो जाएगी।