अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार को कई इलाकों में गंभीर बिजली संकट रहा। ट्रांसफार्मर फुंकने से 16 घंटे बिजली गुल रही तो कहीं फाल्ट से करीब 10 घंटे तक बिजली संकट रहा। रात करीब 10 बजे गुस्साए लोगों ने पहूज नदी के पास जाम लगा दिया।
मंगलवार सुबह गुलाम गौस का बाग के पास ट्रांसफार्मर फुंक गया, जो रात नौ बजे बदला जा सका। इससे गुलाम गौस एरिया, नाले का बाग, सलीम बाग और आधे अलीगोल एरिया की करीब 10 हजार आबादी ने गंभीर बिजली संकट झेला। रात करीब नौ बजे ट्रांसफार्मर बदलने पर बिजली बहाल हुई। रात करीब आठ बजे लाइन में फाल्ट से बेतवा विहार, फिल्टर रोड, बालाजी रोड, अयोध्यापुरी आदि क्षेत्र की करीब चार घंटे तक बिजली बाधित रही।
वहीं, 33केवी सब स्टेशन नंदनपुरा से सोमवार रात बिजली गुल हुई, जो मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे आई और कुछ समय बाद ठप हो गई। रात करीब साढ़े सात बिजली आपूर्ति फिर सुचारु हुई, जो करीब साढ़े आठ बजे गुल हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने पहूज नदी के पास जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर रात करीब 11.30 बजे जाम खुलवाया। बिजली के गुल रहने से ईसाई टोला, कमल सिंह कॉलोनी, खाती बाबा, दीनदयाल नगर, नंदनपुरा, ट्यूबवेल रोड, आवास विकास कॉलोनी आदि के लोग परेशान रहे।