झांसी में अब यात्रियों को सड़क पर खड़े होकर इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यात्री मोबाइल एप के जरिए ही इन बसों की लाइव लोकेशन जान पाएंगे। इसके लिए बस प्रबंधन एक एप तैयार कर रहा है। मार्च तक यह एप लॉन्च हो जाएगा। इसके अलावा एप के माध्यम से यात्री घर बैठे ही अपनी टिकट भी बुक करा सकेंगे।
महानगर के कई रूटों पर 24 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाता है। लेकिन यात्री अक्सर बस के इंतजार में घंटों खड़े रहने की शिकायत करते हैं। अब यात्रियों को स्टॉपेज पर खड़े होकर घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। इन बसों में लगे जीपीएस की मदद से एप के माध्यम से यात्री बसों की मौजूदा स्थिति की जानकारी ले सकेंगे। यह एप अब अपने आखिरी चरण में है। इसको अपडेट किया जा रहा है। प्रबंधन जल्द ही इसे मार्च में गूगल प्ले स्टोर और एप स्टोर पर लांच करेगा। इससे उन्हें पता चल जाएगा कि वर्तमान समय में ई-बसें कहां पर हैं और कितनी देर में उनके स्टॉप पर पहुंचेगी।
ई-बस सेवा इंचार्ज हिक्कमद उल्ला ने बताया कि इन बसों में जीपीएस सिस्टम लगे हैं। इसके जरिए इनकी लाइव लोकेशन डिपो तक पहुंचती है। अब प्रबंध तंत्र लोगों की सहूलियत के लिए मार्च में एप लांच कर रहा है। इसमें बसों की लाइव लोकेशन के साथ टिकट बुक करने, एमएसटी बनवाने, टाइम टेबल, शिकायत और सुझाव जैसी सुविधाएं मिलेंगी।