झांसी स्टेशन पर शुरू हुए वाटर एटीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गर्मी में सफर के दौरान पानी के लिए परेशान होने वाले रेलयात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को तीन रुपये में एक ग्लास पानी देगा। इसके अलावा स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर वाटर एटीएम भी शुरू हो गए हैं।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से प्रतिदिन 40 हजार से अधिक यात्री 100 से ज्यादा ट्रेनों में सफर करते हैं। इनमें औसतन 13 हजार यात्री जनरल कोच में यात्रा करते हैं। गर्मी में जनरल कोच के यात्रियों को ही पानी के लिए सबसे अधिक परेशान होना पड़ता है। इन कोच में जो वेंडर पानी बेचने आते हैं, वे 15 रुपये में एक बोतल देते हैं। ऐसे में तमाम यात्री पानी नहीं खरीदते। अब जनरल कोच के यात्रियों के लिए झांसी स्टेशन पर कम दाम में पानी की व्यवस्था कर दी गई है।
झांसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म के दोनों छोरों पर यात्रियों काे तीन रुपये में सीलबंद एक ग्लास पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सभी प्लेटफॉर्म पर भी मिनरल वॉटर एटीएम संचालित किए जा रहे हैं। झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जनरल कोच के यात्रियों को तीन रुपये में एक ग्लास पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा सभी प्लेटफॉर्म पर जलापूर्ति के पर्याप्त इंतजाम हैं।