अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गुरु पूर्णिमा के चलते शनिवार को झांसी से मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जमकर भीड़ रही। आलम यह रहा कि स्पेशल ट्रेनें संचालित किए जाने के बाद भी एक-एक सीट को लेकर मारामारी की स्थिति बनी रही। आरक्षित बोगियां भी यात्रियों की भीड़ से खचाखच भर रहीं।
रविवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार से ही ट्रेनों में मथुरा जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ी रही। स्थिति यह रही कि जनरल बोगियों में पैर रखने को भी जगह नहीं रही। ऐसे में यात्री आरक्षित बोगियों में सवार हो गए, जिससे काफी पहले से रिजर्वेशन कराकर यात्रा कर रहे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि, इस स्थिति से निपटने के रेल प्रशासन की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा गया है। लेकिन, श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे रेलवे के ये इंतजाम भी कमतर साबित हुए। रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए झांसी और मथुरा से स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। स्टेशन पर भी यात्री सुरक्षा के अलग से इंतजाम किए गए हैं।
ये विशेष ट्रेनें चलाई गईं
शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे मथुरा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गई। जबकि, दूसरी स्पेशल गाड़ी रात ढाई बजे श्रद्धालुओं को लेकर मथुरा के लिए निकली। इसके अलावा रविवार की सुबह सात बजे भी एक स्पेशल ट्रेन झांसी से मथुरा के लिए जाएगी। इसके अलावा मथुरा से भी झांसी के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं हैं।