झांसी। आवास विकास कॉलोनी निवासी शिक्षक नेता संजीव बुधौलिया के मोबाइल पर बुधवार दोपहर तकरीबन सवा तीन बजे व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं चौकी इंचार्ज बोल रहा हूं, तुम्हारा बेटा एक कुख्यात अपराधी के साथ पकड़ा गया है। इसी बीच बेटे की आवाज आने लगी। बेटे ने कहा कि वे लोग उसे मार रहे हैं। इसके बाद कॉल करने वाले ने संजीव से कहा कि बेटे को छुड़ाना चाहते हो तो पचास हजार रुपये अकाउंट में ट्रांसफर कर दो। इस पर शिक्षक घबरा गए। हालांकि, उन्होंने खुद को संभालते हुए अपने दूसरे मोबाइल से घर पर फोन लगाया तो पता चला कि बेटा घर पर है। इसके बाद उन्हें पूरा माजरा समझ में आ गया। जिस नंबर से उनके पास कॉल आई थी वह पाकिस्तान का निकला। बदमाशों ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का सहारा लेकर बेटे की आवाज बनाई थी। इसकी शिकायत उन्होंने फोन पर सीपरी बाजार पुलिस से की। सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी लिखित में शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो