अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में डंपर की टक्कर से बाइक सवार प्लंबर की मौत हो गई। टक्कर के बाद डंपर प्लंबर को लगभग दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है।
बबीना थाना इलाके के ग्राम खांडी निवासी मुलायम केवट (28) पेशे से प्लंबर थे। फिलहाल वे जालौन के कोंच कस्बे के एक मकान में नल फिटिंग का काम कर रहे थे। भाई सुखनंदन ने बताया कि मुलायम मकर संक्रांति मनाने घर आए हुए थे। शनिवार को वह बाइक से कोंच जा रहा थे। शाम को वह मोंठ थाना क्षेत्र के कानपुर हाइवे पर अटरियन गांव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति में आ रहे एक डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर बाइक और मुलायम को करीब दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया। घटना में मुलायम की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के मोबाइल के जरिए सूचना परिजनों को दी। देर रात परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने रविवार सुबह पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बता दें कि मृतक सात भाई-बहनों में छठवें नंबर का था। मुलायम की दो साल पहले ही शादी हुई थी। एक साल की उसकी बेटी है। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।