संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिले के ओवरलोड समाप्त करने और बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए तीन नए बड़े बिजली घरों का निर्माण किया जा रहा है। दो बिजली घर सितंबर तो तीसरे का काम दिसंबर में पूरा होने का दावा किया जा रहा है। तमाम योजनाओं के बाद जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हुआ है। गर्मियों को छोड़ दें तो शहर में बिजली का संकट लगभग खत्म है लेकिन देहात की समस्या अभी भी बनी हुई है। इसके पीछे मुख्य वजह ट्रांसमिशन बिजलीघरों पर ओवरलोड की समस्या है। लाइनों की दूरी अधिक होने के चलते ट्रांसमिशन लॉस भी काफी बना हुआ था। इससे निजात के लिए विभाग ने जिले में तीन और नए बड़े बिजलीघरों को मंजूरी दी और कार्य शुरू करा दिया गया है।ओवरलोड से मिलेगी निजात, ट्रांसमिशन लॉस में आएगी कमी : जिले में पहले से मौजूद 8 ट्रांसमिशन बिजलीघर 115 उपकेंद्रों को आपूर्ति कर रहे हैं। इन सब स्टेशनों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक बिजली मुहैया हो रही है लेकिन बिजलीघरों पर ओवरलोड और ट्रांसमिशन लॉस की समस्या बनी हुई थी। तीन नए बड़े बिजलीघरों के बनने से यह समस्या कम हो जाएगी।