झांसी। महानगर स्थित मुन्नालाल पावर हाउस से जुड़े दतिया गेट फीडर क्षेत्र के दतिया गेट अंदर, मुकरियाना, राय का ताजिया, नरसिंह राव का टोरिया मोहल्ले में 15 घंटे से बिजली नहीं आने पर गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए। दतिया गेट अंदर की सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। डेढ़ घंटे तक यहां हंगामा होता रहा। बाद में पहुंचे अफसरों ने किसी तरह से समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
दरअसल सोमवार की रात को मुन्नालाल पावर हाउस से जुड़े दतिया गेट फीडर के मुकरियाना मोहल्ले में रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण फुंक गया। इससे ट्रांसफार्मर से जुड़े दतिया गेट, मुकरियाना, राय का ताजिया, नरसिंह राव का टोरिया आदि मोहल्लों के घरों की 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे क्षेत्र में रहने वाले तकरीबन दस हजार की आबादी को भीषण गर्मी में बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा। भीषण गर्मी में लगातार बिजली ठप होने के कारण लोगों के घरों में लगा इनवर्टर भी जवाब दे गया। जिसके कारण भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग रात भर छतों पर टहलते नजर आए। जेई सुनील कुमार ने बताया कि दोपहर तकरीबन 12 बजे ट्रांसफार्मर की मरम्मत और दूसरी केबल डालकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु कराई, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर ट्रांसफार्मर का एक फेस फुंक गया। इसके बाद फिर क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। इससे गुस्साए लोगों का सब्र टूट गया। और उन्होंने सोमवार की सायं तकरीबन 6:30 बजे दतिया गेट अंदर वाली सड़क पर जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान क्षेत्र का डेढ़ घंटे तक आवागमन ठप रहा। इसके बाद जानकारी पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने जब आश्वासन दिया। तब कहीं, जाकर जाम लगाए लोगों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने जाम खोला।
अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु ने बताया कि ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर फुंक गया था। जिसको बदलवाकर दूसरा ट्रांसफार्मर रखा गया। साथ ही नयी केबल डालकर क्षेत्र की बिजली सप्लाई को सुचारु करा दिया गया।