महानगर में बन रहीं पानी की नौ टंकियों का निर्माण कार्य जून में पूरा होने की उम्मीद, 21 टंकियों से पानी की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से जूझते शहरवासियों को यह समस्या इस बार भी परेशान करेगी। पानी की नौ टंकियों का निर्माण अभी चल रहा है, जो जून में पूरा होने की उम्मीद है। ऐसे में जल संस्थान ने पेयजल संकट से जूझने वाले क्षेत्रों में टैंकरों से आपूर्ति की व्यवस्था की है।
महानगरवासियों के लिए पेयजल की किल्लत बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए जल निगम झांसी पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की टंकियों का निर्माण करा रहा है। कुछ टंकियों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और कुछ का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसके अलावा बबीना में 195 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। माताटीला से पाइप लाइन डालने का कार्य भी चल रहा है। इन निर्माण कार्य को जून माह में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे महानगर में पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इनमें दरीगरान में दो और नरसिंह राव टौरिया, पुराना बस स्टैंड, खाती बाबा, नगरा, लहरगिर्द, हंसारी, बिजौली में टंकियों का निर्माण कार्य चल रहा है। अभी महानगर में अमृत फेज-1 के तहत 21 टंकियों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसमें अमृत 2.0 के तहत चार पानी की टंकियों का भी निर्माण कार्य चल रहा है। जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। ऐसे में पेयजल की समस्या वाले क्षेत्रों में टैंकरों से जलापूर्ति की जाती है।
इन क्षेत्रों में रहता है पेयजल संकट
दरीगरान, अलीगोल, इतवारीगंज, सिजरिया कॉलोनी, खटकयाना, सराय, मुकरयाना, बिसातखाना, राई का ताजिया, कुष्टयाना, बड़ागांव गेट बाहर, मद्रासी कॉलोनी, ढिमरयाना, सत्यम कॉलोनी, टीचर कॉलोनी, अन्न्पूर्णा कॉलोनी, गरिया फाटक, प्रतापपुरा, गुरुद्वारा, हीरापुरा, कैलाश मंदिर, महावीरन, ईसाई टोला, कमल सिंह कॉलोनी, गरिया गांव, सुम्मेर नगर,नंदनपुरा, ताज कंपाउंड, लहरगिर्द, मसीहागंज, मैला की टौरिया, हंसारी, ज्योतिनगर, आजाद नगर, गणेश नगर, कुम्हारटोली, ग्वालटोली, गोविंद नगर, टपरियन, राजगढ़, विलेज कांवेंट के पास की आबादी को पानी की आपूर्ति की जाएगी।
बयान
जल निगम द्वारा महानगर में पानी की नौ टंकियों का निर्माण कार्य चल रहा। निर्माण कार्य जून माह तक पूरा कर पानी की आपूर्ति को चालू कर दिया जाएगा।
- मुकेश पाल सिंह,अधिशासी अभियंता जल निगम
बॉक्स
चार माह में 90 हजार से अधिक चक्कर लगाएंगे जल संस्थान के टैंकर
झांसी। शहर में पानी के संकट को दूर करने के लिए जल संस्थान की ओर से 16 अप्रैल से टैंकरों का संचालन शुरू होगा। शहर के 23 वार्डों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। चार माह तक 90 हजार से अधिक चक्कर लगाएंगे। गर्मी शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में जल संकट खड़ा हो जाता है। शहर की जलपूर्ति के लिए जल संस्थान की ओर से टैंकरों का संचालन किया जाता है। जल संस्थान की ओर से 16 अप्रैल से 15 अगस्त तक टैंकरों का संचालन किया जाएगा। टैंकरों से शहर के 23 वार्डों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। टैंकरों के संचालन के लिए जल संस्थान के अधिकारियों ने निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेने के लिए पत्राचार शुरू कर दिया है। अनुमति प्रदान होने के बाद जल संस्थान की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर टैंकरों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि टैंकरों का संचालन 16 अप्रैल से 15 अगस्त तक किया जाएगा। चार माह के भीतर टैंकर 90 हजार से अधिक चक्कर लगाकर शहर में जलापूर्ति करेंगे।