मोंठ। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान चलाया। अधीक्षक डॉ. माता प्रसाद राजपूत ने खुराक पिलाकर अभियान शुरू किया। पहले दिन 114 बूथों और 5 ट्रांजिट टीमों ने 14105 बच्चों को दवा पिलाई। कुल 26673 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है। ट्रांजिट टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी बच्चों को दवा पिलाई। डॉ. माता प्रसाद राजपूत ने पांच वर्ष तक के हर बच्चे को खुराक पिलाना जरूरी बताया। बूथ दिवस के बाद टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दवा देंगी। एक सप्ताह के अभियान की निगरानी 20 सुपरवाइजर और पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट मेडिकल अफसरों को सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।