संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को सीडीओ जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति/पर्यावरण समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने नदियों में नालों का पानी जाने पर अफसरों को फटकार लगाई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्राधिकारी को कार्यशाला आयोजित कर औद्योगिक इकाईयों से निकलने वाले बायो वेस्ट व ई वेस्ट पर अंकुश लगाने को कहा।
उन्होंने नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। मऊरानीपुर और टोड़ी फतेहपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को सुखनई नदी में नालों का पानी गिरने पर फटकार लगाते हुए उसे तत्काल रोकने को कहा। उन्हाेंने कहा कि किसी भी दशा में नाले का पानी नदी में न जाए। बैठक का संचालन प्रभागीय वन अधिकारी संजय कुमार मल्ल ने किया। बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि राहुल शर्मा, एसीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार, डीपीआरओ जेआर गौतम, उपायुक्त मनरेगा शिखर श्रीवास्तव, डीआईओएस राजेश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दीपा अरोरा, वन निरीक्षक अमित शर्मा मौजूद रहे।