अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। विद्यावती कॉलेज ऑफ फार्मेसी में शनिवार को छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी छात्राें ने धक्कामुक्की की। मामले में कॉलेज प्रशासन ने सात छात्रों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है।
बड़ागांव थाना इलाके में स्थित विद्यावती कॉलेज ऑफ फार्मेसी में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिताओं में हार-जीत को लेकर नर्सिंग और फार्मेसी के छात्र-छात्राओं द्वारा एक दूसरे पर टीका टिप्पणी की जा रही थी। इसे लेकर दोनों गुटों के छात्रों के बीच शुक्रवार को विवाद हुआ था। एक छात्र की पिटाई भी कर दी गई थी। नर्सिंग की छात्राओं ने इसकी मौखिक शिकायत कॉलेज प्रशासन से की थी। उन्होंने फार्मेसी के छात्रों पर अभद्रता का आरोप लगाया था।
शनिवार को फार्मेसी के हॉस्टल में रहने वाले कुछ छात्र और नर्सिंग छात्राएं आमने-सामने आ गए। छात्राओं का आरोप है कि फार्मेंसी स्टूडेंट्स उनको देखकर अभद्र कमेंट और इशारे करते हैं। इसके बाद छात्राएं एकत्र हो गई और कमेंटबाजी करने वाले छात्रों से माफी मंगवाने की मांग करने लगीं। जबकि छात्र माफी मांगने को तैयार नहीं थे। इसे लेकर हंगामा होने लगा। सूचना पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन, छात्रों ने पुलिस के लिए कॉलेज के गेट का दरवाजा नहीं खोला।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस गेट खुलवाने में सफल हुई और बॉयज हॉस्टल में पहुंची। इस दरम्यान कुछ छात्रों ने पुलिस से धक्कामुक्की कर दी। इसके बाद एसडीएम सदर परमानंद, सीओ सदर स्नेहा तिवारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से सात छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। वहीं, बड़ागांव थाने के थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नर्सिंग की छात्राओं की ओर से सामूहिक प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
00000000
कॉलेज में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। खेल प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच नोकझोंक हुई थी। नर्सिंग की छात्राओं की ओर से शुक्रवार को मौखिक शिकायत की गई थी, इसमें फार्मेसी के छात्रों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया था। मामले में प्राचार्य की ओर से मीटिंग बुलाई गई थी। इसी बीच शनिवार को छात्रों के बीच विवाद हो गया। इस पर सात छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने वाले छात्रों को कॉलेज से निष्कासित कर दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रों के अभिभावकों को भी सूचित कर दिया गया है।
- मानस मिश्रा, सचिव, विद्यावती एजूकेशन सोसाइटी