- सड़कों के उच्चीकरण के लिए शासन ने लागू किया प्वाइंट सिस्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की हालत में सुधार करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अंक प्रणाली लागू की है। इसमें अंकों के जरिए सड़क का महत्व तय किया जाएगा और इसके बाद सड़क के निर्माण की जरूरत तय की जाएगी। सड़कों को विभिन्न मानकों के आधार पर अंक दिए जाएंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। अब तक झांसी के बरुआसागर-गरौठा रोड को सबसे अधिक 76 नंबर प्रदान किए गए हैं।
कई बार जिस सड़क के निर्माण की ज्यादा जरूरत होती है, उसके लिए बजट नहीं मिल पाता। इस व्यवस्था को ठीक करने के लिए सरकार ने अब ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क, स्कूल, अस्पताल, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय से जोड़ने वाली सड़कों के लिए अंक प्रणाली लागू की है। इसके तहत सड़क को विभिन्न मानकों के आधार पर अंक दिए जाएंगे। जिस सड़क पर जितनी सुविधाएं होंगी, उस सड़क को उतने अधिक नंबर दिए जाएंगे। इन्हीं नंबर के आधार पर लोक निर्माण विभाग शासन को सड़क उच्चीकरण का प्रस्ताव भेजेगा और नंबर के आधार पर ही शासन बजट आवंटित करेगा। अभी लोक निर्माण विभाग ने बरुआसागर, टहरौली, भसनेह और गरौठा तहसील को आपस में जोड़ने वाली सड़क को 76 अंक दिए हैं। इन्हीं अंकों के आधार पर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
यह है अंकों का गणित
जिन मार्गों के अंकों का जोड़ 75 और लंबाई 15 किमी से ज्यादा होगी उन्हें अन्य जिला मार्गों के रूप में तैयार किया जाएगा। इसी प्रकार 25 किमी लंबाई वाले ऐसे मार्ग जो दो तहसील व दो ब्लाॅकों से होकर गुजरते हों, उन्हें प्रमुख जिला मार्गों के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें उन सड़कों को भी शामिल किए जाने की व्यवस्था की गई है जो राष्ट्रीय या राज्यमार्ग से जुड़ते हों।
अलग-अलग मार्गों के लिए निर्धारित हैं इतने अंक
5,000 जनसंख्या से ज्यादा वाले गांव के मार्ग को 30 अंक
3,000 से 5,000 वाले गांव के मार्ग को 20 अंक
1,000 से 3,000 वाले गांव के मार्ग को 10 अंक
1,000 से नीचे की जनसंख्या वाले गांव के मार्ग को 5 अंक
मंडी व खरीद केंद्रों को जाने वाले मार्गों को 15 अंक
वेयर हाउस, कोल्ड स्टोर, कृषि उद्योगों मार्गों को 10 अंक
विवि, डिग्री कॉलेज व छात्राओं के स्कूल मार्ग को 15 अंक
हाई स्कूल को 10 व हायर सेकेंडरी स्कूल मार्ग को 12 अंक
मेडिकल कॉलेज या 30 बेड के अस्पतालों को जाने वाले मार्ग को 15 अंक
वेटनरी अस्पतालों को जाने वाले मार्गों को 10 अंक
रेलवे व बस स्टॉप व इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मार्गों को 4 अंक
पंचायत भवनों को जाने वाले मार्गों को 4 अंक
पेट्रोल पंप को जाने वाले मार्गों को 2 अंक
वर्जन
विभाग में सड़कों के उच्चीकरण से पहले उनका अंक के आधार पर महत्व दर्शाया जा रहा है। इसके बाद ही शासन को बजट के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस व्यवस्था से सड़कों के उच्चीकरण में लाभ मिलेगा। अभी बरुआसागर से गरौठा मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव अंक निर्धारण कर शासन को भेजा है। अन्य मार्गों का भी सर्वे करा कर अंक निर्धारित किए जा रहे हैं।
राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।