झांसी। ट्रेन परिचालन के लिए रेल स्टेशनों पर लगे पैनल अब पुराने जमाने की बात होने जा रही है। स्टेशनों पर इनकी जगह कंप्यूटर आधारित इलेक्ट्रानिक इंटर लॉकिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं। झांसी स्टेशन के एक हिस्से में यह सिस्टम लगा दिया गया जबकि शेष हिस्सों में भी इसे स्थापित किया जाएगा। रेल अफसरों के मुताबिक नई तीसरी लाइन के स्टेशन इसी प्रणाली से लैस किए जा रहे हैं। इसकी मदद से ट्रेनों का परिचालन महज एक क्लिक से हो सकेगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि परिचालन में लगे रेल कर्मचारियों को भी आसानी होगी।
अभी अधिकांश स्टेशनों पर रूट रिले पैनल के जरिए ट्रेनें आगे बढ़ाई जाती हैं। इसमें स्टेशन मास्टर कक्ष में लगे पैनल से प्वाइंट बटन और सिग्नल बटन दबाकर पटरियों का मिलान किया जाता है। इसके बाद ट्रेन के चलने का संकेत मिलता है। मिलान और संकेत साथ होने पर स्टेशन मास्टर कक्ष में लगी एलईडी स्क्रीन पर यार्ड की स्थिति दिखती है। इस पूरी प्रक्रिया में समय लगता है। अब नई इलेक्ट्रानिक इंटर लॉकिंग सिस्टम लग जाने से ट्रेन गुजरने, ठहरने एवं चलने के लिए स्टेशन मास्टर को सिर्फ एक क्लिक करना होगा। इसके बाद पटरियों का मिलान समेत संकेत एक साथ हो जाएगा और ट्रेन के लिए रूट क्लियर हो जाएगा। अभी झांसी स्टेशन पर ईआई शेड में नया सिस्टम लगा दिया गया जबकि प्लेटफार्म पर इसे लगाया जाना है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक मंडल के चालीस स्टेशनों पर यह सिस्टम स्थापित किया जा चुका। शेष स्टेशनों पर भी इसे जल्द लगाया जाएगा। तीसरी रेल लाइन के स्टेशनों में यही सिस्टम लगाया जा रहा है। इसकी मदद से समय में बचत होती है।
अगले माह तैयार हो जाएगा अत्याधुनिक कंट्रोल रूम
डीआरएम कार्यालय में बन रहे अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का काम भी फरवरी माह तक पूरा हो जाएगा। इस कंट्रोल रूम से ही मंडल में दौड़ने वाली सभी ट्रेनों का संचालन नियंत्रित होगा। कंट्रोल रूम में अत्याधुनिक कमांड सेंटर भी बनाया गया है। फरवरी माह तक पूरा हो जाएगा।