झांसी। अब शिक्षित भी एचआईवी की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के एआरटी सेंटर में तीन माह के अंदर संक्रमित पुलिस कर्मी, कारोबारी और शिक्षक को काउंसलिंग के लिए बुलाया जा चुका है। दूसरी तरफ इनके संपर्क में आने वालों की ट्रैकिंग की जा रही है। सेंटर पर हर माह औसतन 18 नए एचआईवी संक्रमितों को बुलाया जा रहा है। यह आंकड़ा काफी परेशान करने वाला है।
यूं तो संक्रमित खून या सुई से भी एचआईवी संक्रमण होता है, मगर सबसे ज्यादा असुरक्षित यौन संबंध से होता है। आम धारणा है कि लंबे समय तक बाहर घूमने वाले ट्रक ऑपरेटर व कम पढ़े लोग इसकी चपेट में आते हैं, मगर ऐसा नहीं है। मेडिकल कॉलेज के एआरटी (एंटी-रिट्रो वायरल थैरेपी) सेंटर पर काउंसलिंग के लिए अब शिक्षित ज्यादा आ रहे हैं। एचआईवी काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सर्विसेज (एचसीटीएस) केंद्र पर हर माह 18-19 नए एचआईवी संक्रमित मिल रहे हैं।
काउंसलर नेहा सिंह व राजुल पटेल ने बताया कि तीन माह के अंदर मिले संक्रमितों में शिक्षितों का आंकड़ा ज्यादा है। न सिर्फ कारोबारी हैं बल्कि पुलिस कर्मी, नौकरी-पेशा व शिक्षक भी चपेट में आ रहे हैं। अब काउंसलिंग करके इनके संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग की जा रही है।
0- केस एक : जिले में रहने वाले शिक्षक को लगातार बुखार और कमजोरी आने की शिकायत थी। राहत नहीं मिली तो एचआईवी जांच होने पर एड्स की पुष्टि हुई। काउंसलिंग में शिक्षक ने कई अहम जानकारी दी।
0-केस दो : सेंटर के अनुसार एक पुलिस कर्मी एचआईवी संक्रमित मिला है। काउंसलिंग में उसने स्वयं की झांसी में तैनाती बताई है। पुलिस कर्मी आए दिन बुखार अथवा डायरिया की चपेट में आ रहा था।
0- केस तीन : एक कारोबारी व्यापार के सिलसिले में बाहर जाता था। उसकी तबीयत खराब रहने लगी। डॉक्टरों ने जांच कराई तो एचआईवी संक्रमित मिला। बताते हैं कि उसकी पत्नी और बेटा सुरक्षित है।
0- केस चार : जिले के एक युवक की शादी के दौरान तबीयत खराब हो गई। पता नहीं होने की वजह से विवाह करा दिया गया। शादी के दो-तीन दिन बाद वह एचआईवी संक्रमित मिला। पत्नी ने तलाक दे दिया।
0- भ्रमित युवा आ रहे पीईपी खुराक लेने
मेडिकल कॉलेज के एआरटी सेंटर की काउंसलर ने बताया कि रोजाना 10-12 युवा पीईपी (पोस्ट एक्सपोजर प्रोफाइल एक्सिस) खुराक लेने के लिए आते हैं। ये युवा बताते हैं कि उन्होंने प्रोफेशनल अथवा ऑन कॉल से संबंध बना लिए हैं। अब एचआईवी संक्रमित होने का डर है। यदि पीईपी खुराक मिल जाए तो बचाव हो सकेगा। चूंकि यह दवा कर्मियों के लिए होती है और सीमित मिलती है, इसलिए युवाओं से इनकार कर दिया जाता है।
0- क्या होता है पीईपी खुराक से
काउंसलर ने बताया कि पीईपी खुराक असुरक्षित यौन संबंध बनने के 48 घंटे के अंदर खानी होती है। लगातार 30 दिन खाने के बाद जांच कराई जाती है। इस दवा के सेवन से एचआईवी होने की आशंका कम हो जाती है।
0- एक नजर में मिले रोगी
माह रोगी मिले
मई 18
जून 14
30 जुलाई तक 20
0-वर्जन
एचसीटीएस पर होने वाली जांच में हर माह औसतन 18-19 नए एचआईवी संक्रमित मिलते हैं। यह आंकड़ा काफी चिंताजनक है।
डॉ. सचिन माहुर, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज