झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार की गति तो मंद पड़ गई है, लेकिन मौतों का सिलसिला जारी है। रविवार को झांसी और ललितपुर में कोरोना के 124 नए मरीज सामने आए। इनमें झांसी में 91 मरीज मिले और नौ की मौत हुई। जबकि, ललितपुर में 33 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया गया। झांसी में मरने वालों में प्रेमगंज के 65 वर्षीय वृद्ध, रेलवे आउट हाउस की 42 वर्षीय महिला, शक्ति नगर की 70 वर्षीय वृद्धा, कुमर्रा मोंठ के 52 वर्षीय व्यक्ति, नैनागढ़ के 35 साल के युवक, वार्ड नंबर बीस के 45 साल के व्यक्ति, ग्वालियर रोड के 56 वर्षीय व्यक्ति, 45 वर्षीय महिला तथा बेरवई के 28 साल का युवक शामिल है। इस तरह कोरोना से अब तक झांसी में 479 लोगों की मौत हो चुकी है।