अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पर्याप्त बारिश न होने से पिछले छह साल से मऊरानीपुर का सपरार बांध नहीं भर पा रहा है। ऐसे में इन इलाकों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा। इस परेशानी को देखते हुए बांध को भरने के लिए अब एक नया लिंक कैनाल बनाया जा रहा है। सिंचाई अभियंताओं का कहना है इसके जरिए बांध को नियमित भरा जा सकेगा।
बुंदेलखंड के कई इलाकों में पिछले कई वर्ष से सामान्य बारिश भी नहीं हो रही। इस वजह से छोटी नदियों पर बने बांध नहीं भर पाते सिर्फ बेतवा, धसान, केन जैसी बड़ी नदी पर बने बांध ही भरे पाते हैं। पिछले साल भी सपरार, पथरई, सिजार, उर्मिल जैसी छोटी बरसाती नदियों पर बने बांध नहीं भरे जा सके।
मऊरानीपुर स्थित सपरार बांध पिछले छह साल से नहीं भर सका है। सिंचाई अभियंताओं के मुताबिक आखिरी बार वर्ष 2017 में भरा गया था। बांध की क्षमता 2692 मिलियन घन फुट पानी स्टोर करने की है, लेकिन इस दफा महज 498 मिलियन घन फुट पानी ही भर सका।इस बांध के न भर पाने से मऊरानीपुर समेत आसपास के इलाकों में सिंचाई का पानी नहीं मिल पाता। इसे भरने के लिए एक नई लिंक कैनाल बनाए जाने की कवायद शुरू हुई है। एक्सईएन अजय भारती के मुताबिक केन-बेतवा लिंक परियोजना के जरिए इसे जोड़ने की कवायद हो रही है।