झांसी। सदर बाजार के सिमराहा में बृहस्पतिवार को नवविवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। करंट लगाकर नवविवाहिता की हत्या के आरोप में मायके पक्ष ने पति समेत तीन के खिलाफ सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी निवासी मिठ्ठू पाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी छोटी पुत्री विनीता (20) की शादी 17 जून 22 को सिमराहा निवासी अतर सिंह के पुत्र अंशुल पाल से की थी। शादी के दौरान उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक पैसा खर्च किया। कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन, पिछले महीने से विनीता के साथ मारपीट की जाने लगी। ससुराल के लोग उसे पैसे के साथ ही गाड़ी लाने की बात कहते। उसने भी ससुराल जाकर उनको समझाने की कोशिश की लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ। पिछले पांच दिन से लगातार विनीता को मारा पीटा जा रहा था। बुधवार सुबह विनीता ने फोन करके मायके आने की बात कही थी लेकिन, शाम को अचानक उसकी मौत हो गई। जब वह ससुराल पहुंचा तब कोई उसका शव दिखाने को राजी नहीं हो रहा था। सदर बाजार पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर पति अंशुल पाल, ससुर अतर सिंह एवं सास मालती देवी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सदर बाजार सुदीप मिश्र के मुताबिक मामले की पड़ताल कराई जा रही है।