झांसी। महानगरों की तर्ज पर झांसी में भी नाइट मार्केट बनाया जाएगा। इसके लिए किले की तलहटी पर तैयार हो रहे पार्क के आसपास के इलाके को चिन्हित किया गया है। नगर निगम ने यहां सर्वे आरंभ कर दिया है। नाइट मार्केट विकसित होने से इस इलाके में रात में भी दुकानें खोली जा सकेंगी।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चिन्हित सभी शहरों में नाइट मार्केट भी विकसित किया गया लेकिन, झांसी में मिशन प्रोजेक्ट खत्म होने के कगार पर पहुंचने के बाद भी नाइट मार्केट विकसित नहीं हो सका। स्मार्ट सिटी मिशन के लिए जून माह डेडलाइन तय की गई है। वहीं, नाइट मार्केट के लिए अब कवायद शुरू हुई है। वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ जैसे शहरों की तर्ज पर भी यहां भी नाइट मार्केट बनाने की कवायद शुरू हुई है। निगम अफसरों का कहना है कि बेहतरीन यातायात व्यवस्था वाले इलाके को नाइट मार्केट केे तौर पर चुना जाएगा। यहां आने-जाने में सहूलियत समेत अन्य नगरीय सहूलियतें भी विकसित की जाएंगी। इसके लिए किले की तलहटी के पास के बाजार को उपयुक्त पाया गया है। नगर आयुक्त पुलकित गर्ग के मुताबिक अभी उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है।