- कुछ शिक्षकों ने स्थानांतरित जनपद में जाने से किया इन्कार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सत्र 2023-24 में ऑनलाइन आवेदन करने वाले बेसिक शिक्षा परिषद के 53 में से 33 शिक्षकों के परस्पर तबादले हो गए हैं। इन्हें 22 जून तक रिलीव करना है। वहीं, तबादला होने के बाद कुछ शिक्षकों ने स्थानांतरित जनपद में जाने से इन्कार कर दिया है।
परस्पर तबादले के लिए शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जिन दो शिक्षकों में परस्पर तबादले की सहमति बनती है, वो एक-दूसरे से ओटीपी साझा करते हैं। ओटीपी डालने के बाद जिला स्तर पर बनी कमेटी काउंसलिंग और दस्तावेजों का सत्यापन करती है। फिर जिला कमेटी अपना सहमति पत्र शासन को भेज देती है। इसके बाद शासन स्तर से निर्णय लेकर परस्पर तबादले की सूची जारी की जाती है। चूंकि, इस बार विद्यालय से विद्यालय तबादले किए गए हैं। इसलिए शासन को नए सिरे से शिक्षकों के पद स्थापना के लिए काउंसलिंग नहीं करनी पड़ेगी।
सत्र 2023-24 में जिले के 54 शिक्षकों ने परस्पर तबादले के लिए आवेदन किया था। जिन शिक्षकों ने ओटीपी साझा नहीं किया था, उनका आवेदन स्वीकार नहीं हुआ। बचे 53 शिक्षकों में से 33 का परस्पर तबादला मंजूर हो गया। बीएसए नीलम यादव ने बताया कि बुधवार से शिक्षकों को रिलीव किया जाएगा, जो कि 22 जून तक चलेगा।