झांसी में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत को एक पत्र मिला। जिसमें बताया गया कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। इसके लिए सपा के नेता की हरियाणा के एक शूटर से डील भी हो गई है। इस मामले में पुलिस ने सपा नेता से दो दिनों तक पूछताछ की, लेकिन बाद में मामला फर्जी पाया गया।
जवाहर लाल राजपूत को पिछले दिनों रजिस्टर्ड डाक से एक पत्र मिला था। जिसमें भेजने वाले का नाम गरौठा के आड़ी सड़क निवासी रविंद्र राजपूत लिखा हुआ था। पत्र में विधायक को बताया गया था कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के इशारे पर उनकी और उनके पुत्र राहुल की हत्या की साजिश रची जा रही है। पुलिया नंबर नौ में रहने वाले एक सपा नेता को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए सपा नेता की हरियाणा के एक शूटर से पांच लाख रुपये में डील भी हो गई है। एक लाख रुपये एडवांस भी दे दिए गए हैं।
विधायक ने पत्र की जानकारी डीआईजी को दी। पुलिस तत्काल पड़ताल में जुट गई। शुक्रवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए सपा नेता को बुलाया था। शनिवार को भी उनसे पूछताछ की गई। लेकिन, पड़ताल में मामला फर्जी पाया गया। पत्र भेजने वाले का भी पता नहीं चल पाया। प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला ने बताया कि जांच में मामला फर्जी पाया गया है।