झांसी-कानपुर हाईवे पर कोछाभांवर के पास मेडिकल स्टोर के एक कैशियर की हत्या में पुलिस की जांच करीबियों पर आकर ठहर गई है। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। परिजनोें की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। थाना नवाबाद के गुमनावारा निवासी आलोक तिवारी (32) मेडिकल कॉलेज के सामने बने एक मेडिकल स्टोर पर कैशियर थे। 8 मई की सुबह वह घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद पता नहीं चल सका था। 10 मई की सुुबह आलोक का कुचला हुआ शव कोछाभांवर के पास सूखे तालाब में मिला था। हत्यारों ने बेरहमी से हत्या कर शव को जलाने का प्रयास भी किया था, लेकिन पूरी तरह शव जलाने में कामयाब नहीं हो सके थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटनास्थल का जांच करने के साथ ही पड़ताल शुरू कर दी थी। मौके से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। पुलिस ने इस मामले में मृतक के तीन करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तीनों से पूछताछ के बाद महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। मोबाइल ने भी दी लोकेशन पता चला है कि 8 मई को घर से निकलने से पहले मृतक के मोबाइल पर कॉल आई थी। इसके तुुरंत बाद आलोक घर से निकल गया था और फिर घर नहीं लौटा था। पुलिस मान रही है कि हत्यारे मोबाइल भी साथ ले गए। पुलिस ने मोबाइल को बरामद करने के लिए सर्वलांस पर लगा दिया है। एक लोकेशन भी पुलिस के हाथ लगी है।