झांसी। नगर निगम अब पर्यटकों को इलेक्ट्रिक कार मुहैया कराएगा। शुक्रवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल ने पांच इलेक्ट्रिक कारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सभी कार अलग-अलग रूट पर चलेंगी। इनके लिए अलग से पर्यटक पैकेज तय किए गए हैं। पर्यटक इस पैकेज के मुताबिक स्मार्ट सिटी मिशन से इसकी बुकिंग करा सकेंगे। इनका स्टापेज प्वांइट राजकीय संग्रहालय के बगल में तय किया गया है। महापौर ने इस प्रोजेक्ट की मदद से पर्यटकों को सुविधा मिलने की बात कही। उधर, स्वामी विवेकानंद विद्यालय के बच्चों ने शुक्रवार को इलेक्ट्रिक बस में सवार होकर स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्ट का जायजा लिया। इस दौरान स्कूली बच्चों को लक्ष्मीबाई पार्क स्थित सोलर ट्री, पानी वाली धर्मशाला, राजकीय इंटर कॉलेज स्थित स्मार्ट सिटी क्लास समेत अन्य प्रोजेक्ट दिखाए गए। बच्चों को स्मार्ट सिटी के तकनीकी पहलुओं से भी अवगत कराया गया। आखिरी में बच्चों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए। इस दौरान नगर आयुक्त पुलकित गर्ग, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।