- सिल्ट मिलने पर अधिशासी अभियंता को लगाई फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर आयुक्त ने बुधवार को नाला सफाई कार्य का औचक निरीक्षण किया। पठौरिया में पुलिया के दूसरी ओर नाले में काफी सिल्ट मिली। इस पर अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। उन्होंने खुद सरिया डालकर नाले की सिल्ट की जांच की।
सबसे पहले नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने पठौरिया पुलिया पर संत गाडगे मंदिर के बगल में नाले का निरीक्षण किया। लोगों से भी नाला सफाई को लेकर जानकारी ली। लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी लगे हैं। अवर अभियंता और सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सफाई निरीक्षक ने बताया कि नाले पर लोगों द्वारा बोरी भरकर कचरा डाल दिया जाता है। इस पर नगर आयुक्त ने पेनाल्टी लगाने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
इंद्रपुरी कॉलोनी के गेट के बगल से नाला सफाई के कार्य के बारे में जानकारी ली तो लोगों ने बताया कि दो दिन पहले काम हुआ है। इंद्रपुरी कॉलोनी में कॉर्नर पर मकान की नींव खोदी गई और नाली भी तोड़ दी गई। इस पर सफाई निरीक्षक को प्लॉट मालिक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कॉलोनी के आगे बड़े नाले में नगर आयुक्त ने खुद लोहे का सरिया डालकर सिल्ट की जांच की। सिल्ट मिलने पर तलीझाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए। पार्षद प्रवीण लखेरा के मकान के पास नाले के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि अंदर की तरफ सफाई नहीं हुई है। इस पर नगर आयुक्त ने ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश दिए। इसके अलावा भी दो जगहों पर जेसीबी से नाला सफाई कराने के निर्देश दिए। थापकबाग में पाइप लाइन में लीकेज होने पर पानी बहता मिला। उन्होंने तत्काल लीकेज ठीक कराने के निर्देश दिए।