झांसी। मुंबई राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला ने कोच में सवार यात्रियों की नींद उड़ा दी। महिला ने पूरे कोच में सफर कर रहे यात्रियों के टिकट चेक किए और टीटीई पर भी पैसे लेकर सीट देने के आरोप लगाए। महिला ने पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बुधवार को एक महिला मुंबई राजधानी एक्सप्रेस के बी-3 कोच में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से सवार हुई थी। इस कोच में आरएसी टिकट पर यात्रा कर रहे एक युवक से उसका सीट को लेकर विवाद हो गया। महिला का कहना था कि युवक के पास टिकट नहीं है। इसके बाद उसने युवक का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो के अनुसार विवाद के दौरान जब टीटीई राजेंद्र बी-3 कोच में पहुंचे तो महिला ने टीटीई को ही खरी खोटी सुनानी शुरू कर दीं। वहीं सफर कर रहे युवक ने जब टिकट होने की बात कही तो महिला ने टीटीई पर पैसे लेकर सीट देने के आरोप लगा दिए। इसके बाद आधी रात को महिला ने कोच में सवार लोगों को बिना टिकट बताते हुए सभी के टिकट चेक शुरू कर दिए। टीटीई ने महिला से रात को यात्रियों को परेशान न करने की बात भी कही लेकिन, वह नहीं मानी। इसके बाद महिला जब भोपाल में उतरी तो बोली वह प्रैंक वीडियो बना रही थी। पूरे हंगामे का वीडियो जब उसने सोशल मीडिया पर डाला तो यूजर्स उस पर बरस पड़े। मामले को लेकर रेलवे ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।