झांसी। मध्य प्रदेश में हो रही भारी बारिश के चलते भोपाल मंडल के गुना-मक्सी रेलखंड के बीच विजयपुर-कुंभराज स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। यहां पार्वती नदी के खतरे के निशान के ऊपर बहने से ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते इस रास्ते से होकर गुजरने वाली कुछ गाड़ियों को निरस्त कर दिया गया जबकि कई गाड़ियों को बदले हुए रास्ते से आगे चलाया जाएगा। रेल प्रशासन के मुताबिक कोटा-इंदौर-कोटा इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी संख्या- 22983 को 30 अगस्त तक निरस्त कर दिया गया। इसी तरह बीना नागदा एक्सप्रेस (19342) एवं (19341) आंशिक तौर पर निरस्त रहेगी।
अहमदाबाद से आरंभ होने वाली अहमदाबाद-दरभंगा एक्सप्रेस (09465) बीना से झांसी होते हुए जाएगी। अहमदाबाद-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस (19167) को बदले रास्ते से गुजारा जाएगा। अहमदाबाद वाराणसी एक्सप्रेस (19167) को मक्सी-संत हिरदाराम नगर से झांसी होते हुए आगे रवाना किया जाएगा। तीस अगस्त को उधना से जाने वाली उधना बनारस एक्सप्रेस (09013) को भी बदले रास्ते से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-झांसी एक्सप्रेस, रतलाम भिंड एक्सप्रेस, रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस, सूरत मुजफ्फरनगर एक्सप्रेस, ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस, इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस, उज्जैन-देहरादूर एक्सप्रेस, इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस समेत अन्य गाड़ियां भी बदले रास्ते से गुजारी जाएंगी। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम चल रहा है।