- पिता की शिकायत पर मां और आरोपी वृद्ध के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर कोतवाली थाना इलाके में एक महिला ने चंद रुपयों की खातिर अपनी नाबालिग बेटी की अस्मत का सौदा एक बुजुर्ग से कर दिया। आरोपी बुजुर्ग ने नाबालिग की अश्लील फोटो वायरल कर दीं। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मां और आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली इलाके में रहने वाले डाक विभाग से सेवानिवृत्त रामकिशोर काकोरिया घर में अकेले रहते थे। उनका खाना एक महिला बनाती थी। जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग महिला की आर्थिक मदद कर दिया करता था। इसी दरम्यान दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए थे। कुछ समय पहले वृद्ध ने महिला को चालीस हजार रुपए दिए थे। इसके बदले में वो महिला की 16 साल की बेटी से संबंध बनाना चाहता था। रुपए वापस न करने पड़ें, जिसके चलते लगभग तीन साल पहले महिला ने अपनी बेटी को उसके पास भेज दिया था। वृद्ध ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें की थीं। घर पर आकर यह बात बताने पर मां ने नाबालिग को डांटकर शांत कर दिया था। इसके बाद आए दिन नाबालिग को वृद्ध के पास भेजा जाने लगा। वृद्ध ने नाबालिग की कुछ अश्लील तस्वीरें भी खींच ली थीं। छह-सात महीने पहले पिता को बेटी की अश्लील तस्वीरें वायरल होने की जानकारी मिली थी। घर आकर पूछने पर बेटी ने रो-रोकर बताया कि मां जबरन उसे पड़ोस में रहने वाले वृद्ध के पास भेजती थी। जब इस संबंध में पिता ने वृद्ध से बात की तो उसने धमकाकर शांत कर दिया। बीते रोज पिता ने सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी मां और बुजुर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मां और बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।