मऊरानीपुर। मोहल्ला परवारीपुरा निवासी सुधा श्रीवास ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि 13 अक्तूबर की दोपहर वह अपने पुत्र अमित के साथ नए ट्रैक्टर का पूजन कराकर घर लौट रही थी। ट्रैक्टर को पुत्र अमित चला रहा था। गरौठा चौराहे के पास जाम लगा होने के कारण अमित ने ट्रैक्टर रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ग्राम पठा निवासी गौरव राय की स्कूटी ट्रैक्टर से हल्की सी छू गई। इतने पर ही गौरव ने गाली-गलौज करते हुए अमित के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद