झांसी। झेलम एक्सप्रेस में सवार होकर जम्मूतवी जा रहीं मां बेटी ट्रेन से गायब हो गईं। परेशान परिजन अब उनकी तलाश में इधर- उधर भटक रहे हैं।
मध्य प्रदेश के छतरपुर में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बृजपुरा निवासी बंधी रायकवार जम्मू में मजदूरी करते हैं। जम्मू में वह अपने 11 साल के लड़के अजय को साथ रखे हैं। पत्नी रती और नौ साल की बेटी टीना गांव में रहती हैं। विगत नौ नवंबर को उनके छोटे भाई उमाशंकर ने झांसी रेलवे स्टेशन से रती व बेटी टीना को झेलम एक्सप्रेस में जम्मू जाने के लिए बैठाया था। लेकिन, वह जम्मू नहीं पहुंचे। बंधी अपने परिजनों के साथ झांसी से जम्मू के बीच पड़ने वाले सभी ट्रेन के ठहराव वाले स्टेशन पर तलाश कर चुके हैं, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार को परिजनों ने मामले की जानकारी जीआरपी को दी।