झांसी। शहरी क्षेत्र में अब बिजली के खंभों पर हाईटेंशन लाइन के तार नहीं दिखेंगे। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मिली 50 करोड़ रुपये की धनराशि से विद्युत निगम भूमिगत केबल बिछाने जा रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में शहर के मुख्य चौराहों से करीब 200 बिजली के खंभों को हटाया जाएगा। बिजली लाइन के भूमिगत किए जाने से बिजली चोरो पर भी अंकुश लगेगा। इससे चौराहे चौड़े होंगे और हादसों में भी कमी आएगी।
महानगर में खंभों पर बिजली तारों का जाल फैला हुआ है। कई बार तारों में चिंगारी उठने से हादसे भी हो चुके हैं। साथ ही जिन-जिन चौराहों पर बिजली लाइन भूमिगत होनी है, उनको चिह्निंत कर लिया गया है। यहां पर लाइनों को हटाकर भूमिगत केबल के जरिए बिजली की आपूर्ति दी जाएगी। बिजली लाइनों को भूमिगत करने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा सर्वे का काम 60 फीसदी से ज्यादा पूरा कर लिया है। डीपीआर बना रहे हैं। अफसरों का कहना है कि जल्द ही लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता चंद्रजीत सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा बिजली लाइन बिछाने का सर्वे कार्य 60 फीसदी से ज्यादा किया जा चुका है। जल्द ही लाइन बिछाई जाएगी।
इन जगहों पर किया जाएगा काम
इलाइट चौराहा, जीवनशाह चौराहा, बीकेडी चौराहा, सीपरी बाजार, गोविंद चौराहा और किले के आसपास के क्षेत्र में पहले चरण में खंभों को हटाकर भूमिगत बिजली केबल डाली जाएगी।